कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन ने पांच जिंदगियां छीनी, मुजफ्फरनगर के तीन परिवारों में मातम
मुजफ्फरनगर/लखनऊ : जम्मू -कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे में मुजफ्फरनगर के पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम भाई, और तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। शहर के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी निवासी करीब 22 लोग 25 अगस्त को जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन से वैष्णो देवी दर्शन के लिए रवाना हुए थे। कटरा से खबर आई कि इस हादसे में मोहल्ले के तीन परिवार उजड़ गए।
मलबे में दबी जानें
मोहल्ला रामपुरी निवासी ममतेश (42 वर्ष) पत्नी रविंदर की मौत हो गई।रामवीरी (45 वर्ष) पत्नी इंद्रपाल और उनकी पुत्री अंजलि (20 वर्ष) की भी हादसे में जान चली गई, तो वहीं, दो टंकी वाली सड़क निवासी अजय कुमार के दोनों बेटे अनंत (10 वर्ष) और दीपेश (8 वर्ष) भी मलबे में दबकर मौत का शिकार हो गए। अजय कुमार घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद शोक की लहर
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन कटरा के लिए रवाना हो गए हैं। उधर, मुजफ्फरनगर में गम का माहौल है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने उत्तरी रामपुरी पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
