समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष बोले – ‘प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों की मदद को आए आगे’
लखनऊ / कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के भुजौली चौराहे पर रविवार देर रात भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों की दर्दनाक मौत पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। यह हादसा रामकोला विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर चरगहां गांव के पास हुआ। यहां बारात से लौट रही ब्रेज़ा कार एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम

दुखद पहलू यह रहा कि मृतकों में से पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। इनकी पहचान हरेन्द्र मद्धेशिया, रंजीत मद्धेशिया, योगेन्द्र मद्धेशिया, ओम प्रकाश मद्धेशिया और मुकेश मद्धेशिया के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान भीम यादव के रूप में परिजनों ने की। इन सभी का अंतिम संस्कार रगडगंज घाट पर सोमवार को किया गया, जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शामिल हुए।
समाजवादी नेताओं ने पहुंचकर जताया दुख

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, पूर्व प्रत्याशी हाटा रणविजय सिंह, विधानसभा अध्यक्ष निठुरी राजभर, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मण दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
अखिलेश यादव ने की आर्थिक सहायता की मांग

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि वह पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार को सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और सड़क सुरक्षा उपायों को लागू करना चाहिए। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति है। समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
