पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद, सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य फाउंडेशन कार्यालय का हुआ उद्घाटन
बरेली/उत्तर प्रदेश: भारत के महान सम्राट और अखंड भारत के प्रथम निर्माता चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की 2370वीं जयंती वैशाख प्रथम कृष्ण पक्ष अष्टमी के पावन अवसर पर भव्य रूप से मनाई गई। इस शुभ अवसर पर सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य फाउंडेशन के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया तथा मिष्ठान वितरण कर जयंती का उल्लासपूर्वक आयोजन हुआ। इस विशेष आयोजन में समाज के अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य था भारत के स्वर्णिम इतिहास, विशेष रूप से मौर्यकालीन गौरवशाली परंपरा और चंद्रगुप्त मौर्य के योगदान को याद कर युवा पीढ़ी को उनके विचारों और नेतृत्व क्षमता से प्रेरित करना।
संस्थापक ने रखी फाउंडेशन की भावना

फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रदीप मौर्यवंशी ने अपने वक्तव्य में कहा कि “सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य न सिर्फ एक महान योद्धा और प्रशासक थे, बल्कि उन्होंने समाज को न्याय, समानता और अखंडता का मार्ग दिखाया। फाउंडेशन का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। ”उन्होंने यह भी घोषणा की कि फाउंडेशन आने वाले समय में सामाजिक न्याय, शिक्षा, और युवाओं के नेतृत्व विकास जैसे क्षेत्रों में भी कार्य करेगा।
पूर्व मंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं

पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने भी फाउंडेशन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “ऐसे प्रयासों से हमारी नई पीढ़ी को अपने ऐतिहासिक नायकों के संघर्ष और योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलता है। सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य जैसे महापुरुष आज भी प्रेरणा के स्त्रोत हैं।”
मिष्ठान वितरण और भावभीना समापन

कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ किया गया। पूरे आयोजन में उमंग और उत्साह का वातावरण रहा। हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह ने सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के जयकारे लगाए और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस दौरान प्रदीप मौर्यवंशी, संस्थापक एवं अध्यक्ष – सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य फाउंडेशन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष – अखिल भारतीय मौर्य महासभा, योगेश यादव, विजय पटेल, ओमेन्द्र गंगवार, प्रवीन गंगवार टीटू प्रधान, बांधु राम गंगवार, योगी राठौर (कोषाध्यक्ष), भूपेंद्र सिंह, आमिर मलिक, किशन मौर्य, मनोज मौर्य, अभिमन्यु प्रताप मौर्य, जीतेश मौर्य, छोटे लाल दिवाकर, संकल्प मौर्य, भूपेंद्र मौर्य, अनिल मौर्य, पवन मौर्य, दीपक मौर्य, राम गोपाल मौर्य, सुनील मौर्य, कमल मौर्य, शिवम मौर्य, अजय मौर्य, कमल यादव आदि शामिल हुए।
