पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकास, दीपावली तक मिलेंगी नई सुविधाएं
बरेली : कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को महाभारतकालीन ऐतिहासिक लीलौर झील में नौका विहार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना उनका सपना था, जो अब पूरा हो गया है। मंत्री ने कहा कि नौका विहार से सैलानियों को नया अनुभव मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने लोगों से झील की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने की अपील की। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह भी मौजूद रहे और दोनों ने साथ मिलकर झील में नौका विहार का आनंद लिया।
दीपावली तक और आकर्षक बनेगी झील
डीएम अविनाश सिंह ने मीडिया से कहा कि झील को जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। दीपावली तक झील पर गेस्ट हाउस, पार्क, लाइटिंग और पौधरोपण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पुल टूटा, बाल-बाल बचे मंत्री और अफसर
बताया जाता है कि नौका विहार की शुरुआत के दौरान झील तक जाने के लिए बनाए गए लकड़ी के पुल से गुजरते वक्त अचानक एक लकड़ी टूट गई। उसी समय मंत्री और डीएम पुल पर मौजूद थे। इससे मौके पर अफरा -तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि पुल की ऊंचाई कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की।
