नाबालिग बच्चियां मोबाइल बंद कर पहुंचीं मुरादाबाद, CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र से अचानक तीन किशोरियों के लापता होने से हड़कंप मच गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए सर्विलांस और बारादरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की और केवल 6 घंटे के भीतर तीनों बच्चियों को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास सकुशल बरामद कर लिया। मोहल्ला शाहदाना निवासी महिला अपनी बेटी और दो भतीजियों के साथ शाम 4 बजे शाहदाना मजार गई थीं। कुछ देर बाद तीनों ने कहा कि वे घर चली जाएंगी, लेकिन रात 8 बजे तक नहीं पहुंचीं। परिजन परेशान होकर तलाश में जुटे और रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना दी।
एसएसपी ने खुद संभाली कमान
एसएसपी अनुराग आर्य ने खुद मामले की कमान संभाली। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सुराग मिला और बच्चियां मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास बैठी मिलीं। पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि वे घरवालों की लगातार टोका-टाकी और घूमने-फिरने की पाबंदियों से परेशान थीं।
दिल्ली जाकर काम की थी तैयारी
परिजनों के चलते उन्होंने दिल्ली जाकर काम करने और मनमर्जी से जीवन जीने का प्लान बनाया था, लेकिन मुरादाबाद पहुंचने के बाद डर लगने लगा और मोबाइल भी बंद हो गया। तभी पुलिस और परिजन उन्हें ढूंढते हुए वहां पहुंच गए। बरामदगी में बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे, सर्विलांस प्रभारी सत्येंद्र मोतला, श्यामगंज चौकी प्रभारी अखिलेश उपाध्याय, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और महिला कांस्टेबल प्रसून पटेल की टीम शामिल रही।
