नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। 700 साल पुरानी दरगाह शरीफ पत्ते शाह के एक कमरे की छत अचानक गिर गई। जिससे मलबे में कई लोग दब गए। हादसे में एक 5 साल के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत की बात सामने आई है, जबकि 9 लोग घायल हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं, और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 11 लोगों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि बचाव अभियान पूरा हो गया है, और मलबे में अब कोई फंसा नहीं है।
हादसे के वक्त कमरे में थे 15 लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कमरे में करीब 15 लोग आराम कर रहे थे। जिस कमरे की छत गिरी। वह लगभग 60 साल पुराना था। हादसे के बाद प्रशासन ने इलाके को सील कर दिया है और आम लोगों का प्रवेश बंद कर दिया है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस और तकनीकी टीम जांच कर रही है। राहत कार्य में स्निफर डॉग्स का भी इस्तेमाल किया गया।
एहतियात के तौर पर दरगाह बंद
बताया जाता है कि एहतियात के तौर पर दरगाह को बंद कर दिया गया है, और हुमायूं के मकबरे के अंदर मौजूद लोगों को भी बाहर निकाला गया है। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं, और प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
