नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए बीजेपी “किसी भी हद तक अनैतिक कदम” उठा सकती है। खरगे ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के वोट काटे जा रहे हैं।
जिंदा लोगों को मृत घोषित करने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि जिंदा लोगों को मृत घोषित किया जा रहा है। दावा किया कि 65 लाख वोट काटे गए हैं और बीजेपी को इससे कोई आपत्ति नहीं है। “यह सिर्फ चुनाव जीतने की लड़ाई नहीं है, बल्कि भारत के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जंग है,”
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का विपक्ष के खिलाफ दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह इस्तेमाल इतना खुला है कि सुप्रीम कोर्ट तक को हस्तक्षेप करना पड़ा।
विदेश नीति पर निशाना
खरगे ने कहा कि भारत ने गुटनिरपेक्ष नीति की वजह से जो अंतरराष्ट्रीय सम्मान हासिल किया था। वह अब खो चुका है। स्वतंत्रता सेनानियों का सपना अब दूर होता जा रहा है, जो लोकतंत्र और देश के भविष्य के लिए चिंता का विषय है।
देशवासियों से की अपील
अपने संबोधन में खरगे ने जनता से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा “यह सिर्फ राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि देश की आत्मा को बचाने की लड़ाई है।”
