बरेली : यूपी की बरेली की तहसील नवाबगंज के ग्राम पंचायत अधकटा नजराना में डीएम (जिलाधिकारी) अविनाश सिंह ने अचानक वृहद गौ संरक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। वहां बारिश से जमा पानी, बदहाल सफाई और गंदगी देखकर डीएम भड़क गए। उन्होंने मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी को फटकार लगाई। सबसे बड़ी लापरवाही तब सामने आई, जब जिम्मेदार पशु चिकित्सक मौके से गायब मिले। नाराज डीएम ने डॉक्टर पर दंडात्मक कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने निर्देश दिए।
गायों के पानी पीने के बर्तन साफ रखें
डीएम ने गायों के पानी पीने के बर्तन हमेशा साफ रहें। जमा पानी तुरंत निकाला जाए। जानवरों को समय पर हरा चारा, भूसा और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन मिले। डीएम ने उपजिलाधिकारी नवाबगंज को हफ्ते में एक बार गौशाला का अनिवार्य निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
अटल आवासीय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता परखी
गौशाला के निरीक्षण के बाद डीएम ने गांव में अटल आवासीय विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने बच्चों के भोजन की गुणवत्ता जांची और संतोष जताया, लेकिन साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाश्ते से पहले बच्चों को केला दिया जाए। हर रविवार बच्चों के लिए मनोरंजक, और शैक्षिक फिल्में दिखाई जाएं।
सड़क पर इंटरलॉकिंग के आदेश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गौशाला और विद्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश भी दिए। इस औचक दौरे में उपजिलाधिकारी नवाबगंज उदित पवार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और अन्य अफसर मौजूद रहे।
