नई दिल्ली : दिल्ली के प्रतिष्ठित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद के लिए हुए हाई-प्रोफाइल चुनाव में बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान को 100 से अधिक वोटों से हराकर एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम रखी। 12 अगस्त 2025 को हुए इस चुनाव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा सांसद धर्मेंद्र यादव जैसे दिग्गजों ने मतदान किया।
1295 सदस्यों ने किया मतदान
इस चुनाव में 1295 सदस्यों में से 707 यानी 52 फीसद सदस्यों ने मतदान किया। इसमें सांसद राजीव प्रताप रूढ़ि को 391 वोट, पूर्व सांसद संजीव बालियन को 291 वोट पड़े हैं। इसमें सांसद राजीव रूढ़ि की 100 वोट से जीत हुई है। इसके साथ ही 38 पोस्टल बैलेट वोट राजीव प्रताप रूढ़ि के पक्ष में पड़े हैं।
चौथी बार सचिव का चुनाव
यह चौथा मौका था, जब क्लब सचिव पद के लिए चुनाव हुआ। इसमें शुरुआती राउंड में मुकाबला कड़ा था। मगर, 5वें राउंड तक रूडी 48 और बालियान 46 वोट पर थे। पोस्टल बैलेट्स में रूडी को निर्णायक बढ़त मिली। रूडी का कहना है कि”यह मेरे पैनल की जीत है। जिसमें बीजेपी, कांग्रेस, सपा, टीएमसी, टीडीपी और निर्दलीय सांसद शामिल थे।”पिछले 25 वर्षों से रूडी लगातार सचिव पद पर बने हुए हैं।
