दौसा में 7 बच्चों समेत 11 की दर्दनाक मौत, जौनपुर में 5 की जान गई, ओवरटेक और हाईवे सुरक्षा सवालों के घेरे में
दौसा (राजस्थान)/जौनपुर/लखनऊ : बुधवार को राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने 16 परिवारों को मातम में डुबो दिया। पहला हादसा राजस्थान के दौसा जिले के बैसई थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के 3:30 बजे हुआ। खाटू श्याम मंदिर से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रेलर के पीछे जा टकराई। इस दर्दनाक टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें 4 महिलाएं, और 7 मासूम बच्चे शामिल थे। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे। हादसे में घायल लगभग 20 लोगों में से 8 को जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 4-5 की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। दौसा के इस हादसास्थल पर तीन दिन पहले भी सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी। यहां काफी समय से डिबाइडर बनाने की मांग कर रहे हैं।
हादसे में इन मृतकों की शिनाख्त
पुलिस ने मृतकों की पहचान पूर्वी (3 वर्ष), प्रियंका (25 वर्ष), दक्ष (5 वर्ष), शीला, अंशु (26 वर्ष), सीमा (23 वर्ष), मनोज (25 वर्ष), नैतिक (8 वर्ष), प्रियंका (पत्नी लाखन), रीता (26 वर्ष), लक्ष्य (7 वर्ष), नीरज (20 वर्ष), सौरभ (26 वर्ष) बताई है। दौसा के कलेक्टर देवेंद्र कुमार और SP सागर राणा मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।
यूपी के जौनपुर में रोडवेज बस के ओवरटेक हादसे में 5 की मौत
इसके साथ ही दूसरा हादसा देर रात उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार में हुआ। वाराणसी से शाहगंज जा रही रोडवेज बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस ओवरटेक के दौरान गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसे में 5 लोगों की मौत (3 पुरुष, 1 महिला, 1 बच्चा) हो गई और 24 से अधिक यात्री घायल हुए। गंभीर घायलों में से एक को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह और SP डॉ. कौस्तुभ ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
हादसों से मृतकों के परिवार में कोहराम
तीन दिन पहले भी दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर टैंकर-कार भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसे हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था और डिवाइडर निर्माण को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। इसके साथ ही हादसे के मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।
