पीएम की कैबिनेट बैठक में 18,541 करोड़ की योजनाएं को हरी झंडी
नई दिल्ली : केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक में मंगलवार को 18,541 करोड़ की तीन बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन फैसलों की जानकारी दी। इसमें भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत चार नए प्रोजेक्ट्स SiCSem, Continental Device India Pvt. Ltd (CDIL), 3D Glass Solutions Inc और Advanced System in Package (ASIP) Technologies को मंजूरी मिली।
ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयां
कुल ₹4,600 करोड़ की लागत से बनने वाली इन परियोजनाओं से 2,034 कुशल पेशेवरों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से कई हजार लोगों को नौकरी के अवसर पैदा होंगे। इन इकाइयों का उद्देश्य भारत के इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण इकोसिस्टम को मज़बूत करना है।
लखनऊ मेट्रो फेज-1B विस्तार
₹5,801 करोड़ की लागत से लखनऊ मेट्रो का फेज-1B विकसित होगा, जिसमें 11.165 किमी लंबा नया गलियारा और 12 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। यह विस्तार पुराने लखनऊ के प्रमुख इलाकों — अमीनाबाद, यहियागंज, पांडेगंज, चौक, KGMU, बड़ा इमामबाड़ा, भूल भुलैया, घंटाघर, रूमी दरवाजा और फूड हब — को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा। इसके बाद लखनऊ मेट्रो का कुल नेटवर्क 34 किमी तक हो जाएगा।
तातो-II जल विद्युत परियोजना, अरुणाचल प्रदेश
शि योमी जिले में ₹8,146.21 करोड़ की लागत से 700 मेगावाट क्षमता (4×175 मेगावाट) का जल विद्युत प्लांट तैयार किया जाएगा, जो सालाना 2738.06 एमयू बिजली का उत्पादन करेगा। इस परियोजना का निर्माण 72 महीने में पूरा किया जाएगा। केंद्र सरकार ₹458.79 करोड़ इंफ्रास्ट्रक्चर और ₹436.13 करोड़ राज्य इक्विटी के रूप में वित्तीय सहायता देगी।
जानें क्या बोले अश्विनी वैष्णव
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह फैसले भारत के तकनीकी, शहरी परिवहन और ऊर्जा क्षेत्रों को नई गति देंगे। इससे रोजगार सृजन, आर्थिक विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
