रांची/झारखंड/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता ‘दिशोम गुरु’ स्व. शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने रांची पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला, और कहा कि पार्टी की पूरी विचारधारा अंग्रेजों से ली गई है। “BJP की सोच अंग्रेज़ों की तरह है, डिवाइड एंड रूल, हिंदू-मुसलमान के बीच नफरत फैलाना। अगर, हम हक की बात करें, तो ये लोग हिंदू -मुसलमान का मुद्दा आगे कर देते हैं।”
शिबू सोरेन के संघर्ष को किया याद

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने शिबू सोरेन के संघर्ष को याद करते हुए कहा “शिबू सोरेन जी ने आदिवासी भाई-बहनों की तकलीफ और अन्याय के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया। वैसा नेता बनना बहुत मुश्किल है।”इसके साथ ही उन्होंने BJP पर लोकतांत्रिक अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए कहा “भारतीय जनता पार्टी के लोग हकमारी तो करते ही हैं, लेकिन अब मत मारी भी कर रहे हैं। मतदान का अधिकार भी छीनना चाहते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इन बयानों ने राजनीतिक रंग दे दिया, और सोशल मीडिया पर भी उनकी टिप्पणियां तेजी से वायरल हो रही हैं।
