बरेली : नबीरा-ए-आला हज़रत एवं ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी (आरएसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी के निर्देश पर सोमवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में आरएसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, और 18 से 20 अगस्त को होने वाले 107वें उर्स -ए-रज़वी एवं उर्स -ए-अमीन-ए-शरीअत की तैयारियों को लेकर 14 प्रमुख मांगें रखीं।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश
ज्ञापन में कहा गया कि उर्स में देश-विदेश से लाखों ज़ायरीन बरेली शरीफ़ पहुंचेंगे। जिसके मद्देनज़र सुरक्षा, यातायात, बिजली, पानी, साफ-सफाई, चिकित्सा और परिवहन की पुख़्ता व्यवस्था की जाए। रेलवे और बस स्टेशनों से दरगाह तक सुरक्षित मार्ग, जलभराव रोकने के लिए सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, अस्थायी शौचालय, पीने के पानी की पियाऊ, और मेडिकल कैंप लगाने की मांग की गई।
विशेष बस चलाने की मांग
आरएसी ने विशेष बस सेवाओं की भी मांग की। ताकि, दूर-दराज़ से आने वाले ज़ायरीन को दिक्कत न हो और परिवहन निगम को भी लाभ मिले। ज्ञापन में मथुरापुर और कांकर टोला स्थित उर्स स्थलों के लिए भी बिजली-पानी व सुरक्षा व्यवस्था के पुख़्ता इंतज़ाम की आवश्यकता बताई गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि प्रशासन और संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर सभी तैयारियां समय से पूरी करेंगे।
