लखनऊ / प्रयागराज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रयागराज में आई बाढ़ और जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के नाम पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत मिले 20,000 करोड़ के फंड को भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया।
जाने सपा प्रमुख ने क्या किया ट्वीट
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में लिखा “प्रयागराज के नाम पर 20 हज़ार करोड़ का स्मार्ट सिटी का जो फंड भाजपाई निगल गये, अगर ‘महाकुंभ के उस महाकोष’ का एक अंश भी सीवर और नाला सफ़ाई में लग जाता तो प्रयागराज का ये थाना आज तालाब न बनता। ये भाजपाई भ्रष्टाचार है जो बाढ़ बनकर प्रयागराज में घर-घर तक पहुँच गया है। भाजपा जाए तो सब कुछ सुधर जाए!”
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
इस वक्त सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव का यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है। खासतौर पर प्रयागराज में बाढ़ जैसी स्थिति और पुलिस थाने में पानी भरने की तस्वीरों के बाद यह ट्वीट चर्चा में है। देश में स्मार्ट सिटी मिशन की शुरुआत 2015 में हुई थी। जिसका उद्देश्य शहरों में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सीवर, जल निकासी और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था। प्रयागराज को स्मार्ट सिटी के तौर पर चुना गया था और 20,000 करोड़ रुपये का बजट तय हुआ था। विपक्ष का आरोप है कि इसका अधिकांश हिस्सा भ्रष्टाचार में चला गया, जबकि सरकार इन आरोपों को नकारती रही है।
