लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में 17 अगस्त से शुरू होने जा रही “UP T20 लीग-Season 3” को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
6 सितंबर तक चलेगी लीग
यह लीग 6 सितंबर 2025 तक चलेगी, और प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को अपने हुनर का प्रदर्शन करने का सुनहरा मौका देगी। इस टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त होगा। सीएम योगी ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश, नए भारत को ‘खेल महाशक्ति’ बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार गांवों में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर आधुनिक स्टेडियम का निर्माण कर खेल पारिस्थितिकी तंत्र (Sports Ecosystem) को मजबूत बना रही है।
यूपी में खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। सरकार इन खिलाड़ियों को न केवल सम्मानित करती है, बल्कि उन्हें सरकारी नौकरी भी उपलब्ध कराती है।
