सीतामढ़ी/लखनऊ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। शाह ने सीतामढ़ी से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस, लालू प्रसाद यादव और राजद (RJD) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू एंड कंपनी और कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर रही है, जबकि यह देश की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
अमित शाह ने भीड़ से सवाल किया कि”मोदी जी को आतंकवादियों को जवाब देना चाहिए या नहीं?।ऑपरेशन सिंदूर करना चाहिए या नहीं?”। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए की सरकार में देश की सुरक्षा से समझौता करने का किसी को अधिकार नहीं है।
राहुल गांधी को दी नसीहत
शाह ने राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए कहा-“राहुल जी, वोट बैंक की राजनीति बंद कीजिए। मतदाता पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है। आपके परनाना नेहरू जी के समय भी हुआ था, 2003 में भी हुआ था। आप पहले से ही बिहार चुनाव हारने का बहाना बना रहे हैं।”
तेजस्वी यादव से तीखा सवाल
लालू प्रसाद यादव के साथ-साथ शाह ने तेजस्वी यादव को भी घेरा। उन्होंने कहा-“आपके माता-पिता का कई सालों तक शासन रहा, लेकिन गुंडई और अपहरण-फिरौती के अलावा मिथिलांचल के विकास के लिए क्या किया?। मैंने मोदी जी की ओर से हर पाई का हिसाब दिया है, अब आप भी मैदान में आकर जवाब दें। शाह ने तंज कसा कि अगर मां जानकी का आशीर्वाद ले लेंगे तो “आपका उद्धार हो जाएगा”।
