अमरोहा : यूपी के अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने कांवड़ यात्रा को शोक में बदल दिया। हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो कांवड़ियों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा झनकपुरी के पास मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर रात हुआ।
जानें कैसे हुआ हादसा?
मृतक कांवड़िये मुरादाबाद से बाइक पर ब्रजघाट गंगाजल लेने जा रहे थे। कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे को जीरो ट्रैफिक ज़ोन घोषित किया गया था। इसी दौरान सामने से आ रही सफेद रंग की कार ने बाइक को तेज़ टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बाइक कार में फंसकर करीब 15 मीटर तक घसीटती चली गई। बाइक सवार दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे,और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वायरल वीडियो, और भगदड़ का माहौल
हादसे के बाद 21 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें दोनों युवक अचेत अवस्था में हाईवे पर पड़े नजर आ रहे हैं,तो वहीं, कार कुछ दूरी पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी है। घटना के तुरंत बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य कांवड़ियों में अफरातफरी और भगदड़ मच गई। हाईवे पर भारी जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस जांच और सीओ का बयान
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। सीओ पंकज त्यागी ने मीडिया को बताया कि मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था। जिससे सिर में गंभीर चोट लगी। दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। क्योंकि, उनके पास कोई ID नहीं मिला। परिजनों की तहरीर मिलने पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
