पटना : बिहार विधानसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता, और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को चुनाव आयोग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। मामला उनके द्वारा सार्वजनिक रूप से दिखाए गए दो अलग-अलग EPIC (वोटर ID) नंबरों से जुड़ा है। आयोग ने उनसे इन आईडी की जानकारी के साथ मूल प्रतियों की मांग की है।
जानें क्या है पूरा मामला?

हाल ही में पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के दौरान प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना EPIC नंबर RAB2916120 सार्वजनिक किया, और दावा किया कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर यह नंबर डालने पर “No Record Found” दिखाता है। चुनाव आयोग ने इस पर संज्ञान लिया, और तेजस्वी यादव को नोटिस भेजते हुए कहा कि उनके द्वारा पेश किया गया EPIC नंबर किसी रिकॉर्ड में नहीं है, जबकि आयोग के अनुसार, तेजस्वी यादव का वैध EPIC नंबर RAB0456228 है। इसके आधार पर उन्होंने 2015 और 2020 में चुनाव लड़ा था।
चुनाव आयोग का स्टैंड
आयोग की ओर से कहा गया है कि तेजस्वी यादव का नाम मतदान केंद्र संख्या 204, क्रमांक 416 पर दर्ज है। EPIC नंबर RAB0456228 वैध है, और रिकॉर्ड में उपलब्ध है। EPIC नंबर RAB2916120 पिछले 10 वर्षों के किसी भी रिकॉर्ड में मौजूद नहीं है। इस संबंध में तेजस्वी से कार्ड की मूल प्रति मांगी गई है, ताकि मामले की गहन जांच हो सके।
तेजस्वी बोले, जानबूझकर नाम हटाया
इस मामले में तेजस्वी यादव ने कहा “मेरे नाम को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से जानबूझकर हटाया गया है। मैंने जो EPIC नंबर वेबसाइट पर डाला है। उसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, जबकि यही मेरा असली कार्ड है। आयोग जवाब दे।”हालांकि, बिहार विधानसभा चुनावों की तारीखों का अभी एलान नहीं हुआ है, लेकिन सभी राजनीतिक दलों ने ज़मीन पर अपनी सक्रियता तेज़ कर दी है। ऐसे में तेजस्वी यादव के खिलाफ उठे इस मामले ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है।
