रायबरेली / लखनऊ: यूपी के रायबरेली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां डलमऊ ब्लॉक के मखदुमपुर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक दीनानाथ वर्मा को फर्जी UP TET 2011 प्रमाणपत्र के जरिए शिक्षक की नौकरी हासिल करने के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया है।
10 साल में उठा चुका था 78 लाख वेतन
जांच में सामने आया है कि आरोपी शिक्षक दीनानाथ वर्मा ने वर्ष 2015 में विज्ञान और गणित विषयों की 29,000 पदों पर हुई भर्ती के दौरान फर्जी प्रमाणपत्र का इस्तेमाल किया था। इन 10 वर्षों में वह ₹78 लाख से अधिक का वेतन बेसिक शिक्षा विभाग से उठा चुका था। एसआईटी की जांच में खुलासा होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से बर्खास्तगी के आदेश जारी किए हैं, और खंड शिक्षा अधिकारी डलमऊ को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जानें क्या बोले बेसिक शिक्षा अधिकारी
प्रभारी बीएसए संजीव कुमार सिंह ने मीडिया से कहा कि “शिक्षक दीनानाथ वर्मा को फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने के कारण बर्खास्त किया गया है। इसके साथ ही उसकी अब तक की वेतन राशि की वसूली और कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।”
शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
इस खुलासे के बाद पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार अन्य शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की भी जांच तेज़ की जा सकती है।
