बरेली/फतेहगंज पश्चिमी : वेस्ट यूपी के जिलों में ड्रोन उड़ने को लेकर दहशत बनी हुई है। मगर, अब बरेली के ग्रामीण इलाकों में ड्रोन और अपराध की गतिविधियों ने पुलिस-प्रशासन को सतर्क कर दिया है। देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मंडोली गांव में एक ग्रामीण के घर की छत पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा ड्रोन मिलने से सनसनी फैल गई, तो वहीं आसपास के इलाकों, और कस्तूरबा विद्यालय में संदिग्ध घुसपैठ की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा माधोपुर और मथुरापुर में ड्रोन से चोरियों की घटनाएं सामने आई हैं।
छत पर गिरा ‘मेड इन चाइना’ ड्रोन, गांव में मचा हड़कंप
थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव मंडोली निवासी धंपाल के मकान की छत पर शनिवार रात एक ड्रोन गिरा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, ड्रोन पर साफ़ तौर पर “Made in China” लिखा था। बेटे नवनीत ने जब इसे देखा, तो परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन को कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में यह एक खिलौना ड्रोन प्रतीत हो रहा है जिसकी कीमत लगभग 863 बताई जा रही है। लेकिन संदिग्ध उड़ान और चीनी निर्माण को लेकर जांच गहराई से की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, “यह बच्चों का खिलौना ड्रोन लगता है, लेकिन गांव की सीमा के ऊपर उड़ना चिंता का विषय है।”इसलिए जांच पड़ताल की जा रही है।
बेटी को बंधक बनाकर जेवर-नकदी लूट ले गए
पास के ही गांव फरीदापुर रामचरन में रविवार दोपहर तीन-चार हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर किशोरी को बंधक बनाया और जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।परिजनों ने बताया कि घटना के वक्त घर में महिला और उसकी बेटी अकेली थीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से इलाके में भय का माहौल है।
कस्तूरबा विद्यालय में संदिग्ध घुसपैठ, छात्राएं डरीं
हाफिजगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन सपना पांडे ने रविवार रात वीडियो बयान जारी कर बताया कि एक व्यक्ति स्कूल की खिड़की तक पहुंचा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले 4 दिन से विद्यालय के ऊपर ड्रोन उड़ते देखे गए हैं। जिससे छात्राएं भयभीत हैं। पुलिस ने मौके पर निरीक्षण किया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
SSP बोले, अफवाहों से बचें, लेकिन सतर्कता ज़रूरी
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि ड्रोन की उड़ानों को लेकर ग्रामीणों में भ्रम है। कई बार शादी या अन्य समारोह में उड़ते ड्रोन को देखकर संदेह फैलता है। फिर भी, पुलिस सतर्क है और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि ग्रामीण अफवाहों में न आएं।
फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रोन के संबंध में कोई देशविरोधी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है। मामला बच्चों के खिलौने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है पर सुरक्षा की दृष्टि से हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
