बरेली : यूपी के बरेली शहर के प्रतिष्ठित रमाडा होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार कार होटल का मुख्य दरवाजा तोड़कर सीधे रिसेप्शन एरिया में जा घुसी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना का CCTV वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
डिनर के बाद महिला अधिवक्ता ने चलाई कार
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtube.com/shorts/Q2mbGbciSv4?si=_pw-hAOH20yuXn3J
घटना में कार चला रही महिला एक अधिवक्ता (वकील) हैं, जो अपने डॉक्टर पति के साथ होटल में डिनर के लिए आई थीं। खाना खाने के बाद कार स्टार्ट करते समय वाहन बैंक गियर में थी और गलती से एक्सीलेटर दबने से कार बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार कार होटल का कांच का मुख्य द्वार तोड़ती हुई सीधे अंदर पहुंच गई।
चार लोग बाल-बाल बचे
हादसे के वक्त होटल के गेट पर खड़े चार लोग समय रहते भाग गए, वरना एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। कोई गंभीर चोट या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, जो राहत की बात रही।
पुलिस पहुंची, समझौते में निपटा मामला
घटना की सूचना पर बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय मौके पर पहुंचे। होटल प्रबंधन और कार मालिक पक्षों में आपसी समझौते से मामला कानूनी कार्रवाई के बिना सुलझा लिया गया। होटल मैनेजर प्रदीप कुमार ने भी इसे छोटी घटना बताते हुए किसी शिकायत से इनकार किया।
CCTV फुटेज वायरल, शहर में चर्चा का विषय
होटल के CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई। रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह मामला शहरभर में चर्चा का केंद्र बन गया।
