बरेली : शनिवार रात देवरनियां पुलिस ने सर्राफा लूट में वांछित दो कुख्यात लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रहपुरा घनश्याम गांव के पास नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गोली लगी, वहीं एक सिपाही भी घायल हो गया। मुठभेड़ शनिवार रात करीब 11 बजे की है। संदिग्ध अपाचे सवारों को रोकने पर उन्होंने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों लुटेरे घायल हो गए। इसमें दो सिपाही घायल हो गए।
मीरगंज और भोजीपुरा के लुटेरे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पुत्र सियाराम निवासी भुजिया सुमाली, थाना भोजीपुरा, और शिवम पुत्र रामौतार निवासी गुलड़िया, थाना मीरगंज के रूप में हुई है। आरोपियों से दो देशी तमंचे (.315 बोर),चार जिंदा, दो खोखा कारतूस,50,000 कीमत के चांदी के जेवर, 30,000 नकद, लूट में प्रयुक्त चोरी की अपाचे बाइक, व्यापारी से लूटी गई चेन और नकदी आदि बरामद हुए हैं।
15 जुलाई को लूट की घटना को दिया अंजाम
आरोपियों ने लूट की वारदात को कबूल किया है। यह घटना 15 जुलाई को देवरनियां क्षेत्र के बंजरिया जागीर-कुआं टांडा मार्ग पर सर्राफा कारोबारी विनोद कुमार रस्तोगी के साथ की थी। आरोपियों और घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा है कि आरोपियों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
