हरिद्वार/लखनऊ : उत्तराखंड के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के बीच “करंट फैलने की अफवाह” फैल गई। यह अफवाह देखते ही देखते भगदड़ में बदल गई। जिसके चलते 6 श्रद्धालुओं की मौत की बात सामने आई है, और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मंदिर की चढ़ाई करते समय अचानक भीड़ में किसी ने करंट फैलने की आवाज लगाई। जिससे डर का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के दौरान कई श्रद्धालु गिर पड़े और उनके ऊपर लोग चढ़ते गए। इस घटना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी, और सीएम पुष्कर धामी ने दुख जताया है। इसके साथ ही सीएम घटना के बाद श्रद्धालुओं की मदद में जुटे अधिकारियों से बात कर हर पल की जानकारी ले रहे हैं।
तत्काल राहत कार्य शुरू
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/GyUn_C3IVAc?si=9Dfzpqhg2FAoxiGl
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन मौके पर पहुंच गए। 108 एंबुलेंस सेवा की 7 एंबुलेंस और ‘खुशियों की सवारी’ की 2 एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। 35 घायल अस्पताल लाए गए। जिनमें से 6 की मौत हो चुकी है और गंभीर रूप से घायल लोगों को हायर मेडिकल सेंटर्स में रेफर किया गया है।
सीएम ने एक्स पर जताया दुख
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हादसे पर ट्वीट कर कहा, “मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर पूरी निगरानी रख रहा हूं। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “स्थानीय प्रशासन राहत में जुटा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन श्रद्धालुओं में डर
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने मीडिया को बताया कि अधिक भीड़ होने की वजह से भगदड़ और विकराल हो गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
