फतेहपुर/लखनऊ : यूपी सरकार ने फतेहपुर की उपजिलाधिकारी (SDM) अर्चना अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया है। मलवां थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में दाखिल -खारिज के मामलों में गड़बड़ी, स्थलीय निरीक्षण न करने और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ठीक से न करने के आरोपों पर यह कार्रवाई करने की बात सामने आई है। प्रमुख सचिव (कार्मिक) एम. देवराज ने निलंबन आदेश जारी कर लखनऊ मंडल के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस मामले में डीएम फतेहपुर से जानकारी की कोशिश की गई। मगर, उनका सरकारी फोन न उठने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
जानें पूरा मामला
दाखिल-खारिज (Mutation) मामलों में नियमों के विरुद्ध निर्णय करने का आरोप है। इसके साथ ही भूमि विवादों में बिना स्थलीय निरीक्षण के आदेश पारित करना। दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और गैरजिम्मेदाराना आचरण आदि को लेकर भी आरोप हैं। अर्चना अग्निहोत्री अब निलंबन अवधि में राजस्व परिषद, लखनऊ कार्यालय से संबद्ध रहेंगी। इस दौरान उन्हें आधा वेतन मिलेगा। जीवन निर्वाह भत्ता तो मिलेगा, लेकिन कोई महंगाई भत्ता नहीं दिया जाएगा।
