सपाइयों ने मंडल आयोग की ऐतिहासिक भूमिका को बताया मील का पत्थर
बरेली : भारतीय राजनीति के सामाजिक न्याय पुरोधा बिन्देश्वरी प्रसाद मंडल (बी. पी. मंडल) की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर यूपी के पार्टी कार्यालयों पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसमें बरेली के सपा जिला कार्यालय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मंडल जी के जीवन, संघर्ष और योगदान पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला।
“बी. पी. मंडल ने सामाजिक समानता की नींव रखी” – शिवचरन कश्यप
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने बी. पी. मंडल को ‘सामाजिक न्याय का प्रणेता’ बताते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ राजनीति में योगदान दिया, बल्कि पिछड़े वर्गों के हक की आवाज को बुलंद किया। उनका कहना था कि मंडल आयोग के जरिए उन्होंने भारत के सामाजिक ताने-बाने में समावेशिता की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने याद किया कि अपने छात्र जीवन में ही बी. पी. मंडल ने जातिगत भेदभाव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था, और आज भी उनकी सोच पार्टी की विचारधारा का प्रमुख आधार है।
“30 दिन के मुख्यमंत्री, मगर प्रभाव अमर” – शमीम खाँ सुल्तानी
सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने मंडल को श्रद्धांजलि अर्पित कर कहा कि बिहार के सातवें मुख्यमंत्री रहते हुए उनके मात्र 30 दिन के कार्यकाल ने जो प्रभाव डाला, वो आज भी याद किया जाता है।
उन्होंने बताया कि मंडल आयोग की रिपोर्ट, जिसमें ओबीसी को 27 फीसद आरक्षण की सिफारिश की गई थी। भारतीय लोकतंत्र की सामाजिक समरसता के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई। यह आयोग देश की बहुसंख्यक आबादी को शिक्षा और नौकरियों में हकदार बनाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम था।
“मंडल की सोच से करोड़ों का सशक्तिकरण”
सपाइयों ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशें जब 1990 में प्रधानमंत्री वी. पी. सिंह द्वारा लागू की गईं, तो देश में एक नई सामाजिक चेतना का उदय हुआ। बी. पी. मंडल के विचार ही समाजवादी पार्टी की आत्मा हैं, और आज भी पार्टी सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में उनके बताए रास्ते पर चल रही है।
विचार गोष्ठी में यह लोग थे मौजूद
इस दौरान कार्यक्रम का संचालन सपा जिला महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मनोहर पटेल, महानगर उपाध्यक्ष गोविंद सैनी, राजेश मौर्या, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जिला सचिव मनोहर गंगवार, महानगर सचिव शिवम प्रजापति, यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष सचिन आनंद, बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के अध्यक्ष अमित गिहार, मजदूर सभा के अध्यक्ष अशफाक चौधरी, संजीव कश्यप, सम्राट अनुज मौर्य, जावेद मलिक, अमरीश यादव, वरुण गिहार समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
“हमारी प्रेरणा, हमारा पथप्रदर्शक – बी. पी. मंडल”
समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि बी. पी. मंडल की सोच और उनका संघर्ष आज भी हमें प्रेरणा देता है, और समाज में वंचित तबकों के हक की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए उनकी शिक्षाएं हमेशा हमारे साथ रहेंगी।
