बस्ती/लखनऊ: यूपी के बस्ती ज़िले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब पानी से भरे गड्ढे में तीन मासूम बच्चों के शव मिले। मृतकों में दो सगे भाई आदित्य (10 वर्ष) और आयुष (8 वर्ष) शामिल हैं, जबकि तीसरा बच्चा विराट (9 वर्ष) था। बताया जा रहा है कि तीनों साइकिल से घूमने निकले थे और रातभर घर नहीं लौटे।
रात भर की बच्चों की तलाश
परिजनों की तलाश और पुलिस सूचना के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। मगर, एक ग्रामीण ने ईंट-भट्ठे के पास बच्चों की साइकिल देखी और कुछ ही दूरी पर पानी भरे गड्ढे में एक शव नजर आया। शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे और तलाशी में दो और शव मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी से डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वह अवैध और खुला जलभराव क्षेत्र था। यहां कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा इंतज़ाम नहीं था।
