बरेली/फरीदपुर : यूपी के बरेली जिले के फरीदपुर कस्बे में सोमवार शाम दबंगों ने आपसी कहासुनी के बाद दूसरे मोहल्ले में घुसकर खौफनाक बवाल किया। आरोपियों ने एक घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने घर में खुद को बंद कर किसी तरह जान बचाई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर एक नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानें पूरा मामला
तौफीक अहमद (मोहल्ला कस्सावान निवासी) ने अपनी घोड़ी रास्ते में बांध दी थी। इसको लेकर मोहल्ला लाइनपार मठिया के श्याम प्रताप उर्फ नन्हे ठाकुर ने इसका विरोध किया। यह बात गाली-गलौज तक पहुंची। इसके बाद ठाकुर अपने साथियों को लेकर तौफीक के मोहल्ले में पहुंचा।दबंगों ने तौफीक के घर पर हमला किया, ईंट-पत्थर फेंके और फायरिंग की।
फायरिंग और वीडियो वायरल
फायरिंग की आवाजें सुनकर पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया। एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जिसे दबंगों ने पीटा और भगा दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
FIR दर्ज, अब कार्रवाई की बारी
फरीदपुर कस्बा चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि “मुख्य आरोपी श्याम प्रताप उर्फ नन्हे ठाकुर सहित 21 लोगों के खिलाफ IPC की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।”
