जयपुर/लखनऊ (एजेंसी) : राजस्थान के जयपुर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के छह श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। सभी श्रद्धालु कार से खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हाईवे पर इनकी कार एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इंजीनियर था परिवार का मुखिया, परिजनों के साथ निकला था दर्शन को
जयपुर में रविवार को जमवारामगढ़ में गलत दिशा से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर कार से टकरा गया। हादसे में कार सवार लखनऊ के ठाकुरगंज के मुसाहिबगंज निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक सिंह (32 वर्ष), पत्नी प्रियांशी (33 वर्ष), बेटी श्री (छह माह), अभिषेक के पिता सत्यप्रकाश (65 वर्ष) और मां रमादेवी (63 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो इंजीनियर अपने पूरे परिवार और रिश्तेदारों के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए निकला था।
वैक्यूम क्लीनर कंपनी में मैनेजर
सत्यप्रकाश परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। वह हजरतगंज स्थित वैक्यूम क्लीनर कंपनी में मैनेजर थे। छोटा बेटा अभिषेक नोएडा में एचसीएल कंपनी में और बहू बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा गोमतीनगर में मैनेजर थीं। भतीजी निरुपमा के मुताबिक शनिवार सुबह दस बजे ताऊ-ताई कार से मैनपुरी अपनी बेटी रश्मि और दामाद मयंक के घर से निकले थे। उनके साथ में भाभी प्रियांशी और उनकी बेटी श्री थी।
हादसे में छह की मौत, कई घायल
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने छह श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जयपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। यहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद मचा कोहराम, लखनऊ में पसरा मातम
मृतकों की पहचान होते ही लखनऊ में कोहराम मच गया। परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वे जयपुर के लिए रवाना हो गए। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग मृतकों को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने ट्रेलर को पकड़ा, मुकदमा दर्ज
पुलिस थाने की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ट्रेलर चालक को मौके से पकड़ लिया गया है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
श्रद्धालु थे नियमित भक्त, हर साल करते थे खाटू श्याम दर्शन
परिजनों के अनुसार हादसे का शिकार हुए लोग खाटू श्यामजी के परम भक्त थे और हर साल दर्शन के लिए परिवार सहित यात्रा करते थे। इस बार भी वे बड़ी श्रद्धा के साथ निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह दुखद घटना हो गई।
