महिला के साथ पिता को पकड़ने पर मां, भाई और बहन को बुलाया, कहासुनी के बाद मारपीट, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
प्रयागराज (एजेंसी) : यूपी के प्रयागराज (इलाहाबाद) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी ने प्रेम-प्रसंग को लेकर पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही बेटे को गोली मार दी। उसको गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी कारोबारी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटे ने पिता को युवती के साथ रंगे हाथ पकड़ा
बताया जाता है कि प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के कालिंदीपुरम की मौसम बिहार कालोनी निवासी प्रतिष्ठित कारोबारी विवेक दुआ (47 वर्ष) का एक युवती के साथ कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग चल रहा था। यह बात परिवार के अन्य सदस्यों को पहले से ही खटक रही थी, लेकिन जब कारोबारी को महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया, तो मामला हाथ से बाहर निकल गया। बताया जा रहा है कि कारोबारी के बेटे ने महिला के साथ देखकर तुरंत अपनी मां, भाई और बहन आदि परिजनों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
गुस्से में बेटे पर चला दी गोली
परिजनों के गुस्से और तानों से बौखलाए कारोबारी ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और गुस्से में अपने ही बेटे पर गोली चला दी। गोली युवक के पेट में लगी है। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार वालों ने तुरंत घायल युवक को नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने लिया हिरासत में, जांच जारी
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कारोबारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। घटनास्थल से हथियार भी बरामद कर लिया गया है, और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।प्रयागराज पुलिस के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया, “घटना प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद और निजी रिश्तों से जुड़ी प्रतीत हो रही है। पीड़ित युवक की हालत गंभीर है। हम जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।”
मोहल्ले में सनसनी, चर्चा का विषय बनी घटना
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी कारोबारी और युवती के रिश्तों को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। अब यह मामला खून-खराबे तक पहुंच गया, जिससे मोहल्ले में चर्चा का बाजार गर्म है।
