मुंबई/लखनऊ : देश की राजधानी दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बुधवार रात उस समय आपात स्थिति में मुंबई एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा, जब विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट संख्या 6E-6271, जो कि एयरबस A320neo विमान थी, ने दिल्ली से गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान ही एक इंजन में दिक्कत आने के बाद विमान को तुरंत मुंबई डायवर्ट किया गया।
विमान के सभी यात्री सुरक्षित
विमान ने रात 9 बजकर 52 मिनट पर मुंबई में सुरक्षित आपात लैंडिंग की। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, यात्रियों की कुल संख्या का खुलासा अभी नहीं किया गया है। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी का पता उड़ान भरते ही लग गया था। इसके बाद सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन कर फ्लाइट को मुंबई में उतार लिया गया। उन्होंने कहा कि परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान की सम्पूर्ण जांच और मेंटेनेंस किया जाएगा।
दूसरे विमान से भेजा गोवा
यात्रियों को गोवा तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था भी कर दी गई है, जो जल्द ही रवाना होगा। एयरलाइंस की ओर से बयान जारी किया गया है। इसमें इंडिगो प्रवक्ता ने कहा है कि “सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रियों को असुविधा के लिए खेद है, लेकिन सभी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया है।”
