संविधान बहुजन समाज का कवज, रामजी सुमन को बताया अपना, भाजपा संविधान को कमजोर करने की कोशिश में
पीडीए से घबराई बीजेपी, इटावा में ‘स्वाभिमान-सम्मान समारोह’ संपन्न, अखिलेश यादव ने किया बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण
इटावा : यूपी के इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को करणी सेना पर निशाना साधा। बोले, ये सेना-वेना नकली, ये सब BJP के लोग हैं। उन्होंने कहा कि अगर, कोई हमारे रामजीलाल सुमन जी, या हमारे कार्यकर्ता का अपमान करेगा तो हम समाजवादी लोग भी उनके साथ खड़े दिखाई देंगे। सपा प्रमुख ने आज इटावा के महेवा ब्लॉक में ‘स्वाभिमान-सम्मान समारोह’ एवं ‘पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन’ को संबोधित किया। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।

“बाबा साहब का संविधान नहीं बदलने देंगे” – अखिलेश यादव
अपने भाषण में सपा प्रमुख ने कहा, “कोई कितना भी ताकतवर या तानाशाह बन जाए, हम बाबा साहब का संविधान नहीं बदलने देंगे। हम संविधान के प्रति ईमानदारी और एकजुटता से खड़े रहेंगे और अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अधिकारों को छीन रही है और संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

पीडीए का संकल्प और इंडिया गठबंधन की जीत
अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार की एकजुटता को भाजपा के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन की एकता के बल पर भाजपा को बहुमत से बाहर किया है।

इतिहास और क्रांतिकारियों का सम्मान
श्री यादव ने इटावा, औरैया और आसपास के क्षेत्रों के क्रांतिकारी इतिहास को याद करते हुए कहा कि “1857 की क्रांति में एओ ह्यूम डर के मारे भागे थे। यही एओ ह्यूम बाद में कांग्रेस के संस्थापक बने।”
उन्होंने गेंदालाल दीक्षित, राम प्रसाद बिस्मिल, फूलन देवी और मान्यवर कांशीराम के योगदान को भी याद किया।

फूलन देवी का संघर्ष और समाजवादी सम्मान
सपा प्रमुख ने फूलन देवी के साथ भेदभाव और अत्याचार का भी जिक्र किया। बोले, किस तरह समाजवादी पार्टी ने उन्हें लोकसभा तक पहुंचाया। “फूलन देवी के मुकदमे वापस लेकर नेताजी ने उन्हें सम्मान दिलाया,” उन्होंने कहा। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जातिगत भेदभाव, आरक्षण खत्म करने की कोशिश, सरकारी संस्थाओं का भगवाकरण, और किसानों से वादा खिलाफी जैसे मुद्दों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “गोरखपुर में शेर पिंजरे में हैं, इटावा में खुले में घूमते हैं। यही फर्क है हमारी और भाजपा की सोच में।”
“जय जवान, जय किसान, जय संविधान” का नारा
अखिलेश यादव ने नया नारा देते हुए कहा कि “अब जय जवान, जय किसान के साथ ‘जय संविधान’ भी जोड़ना होगा।” उन्होंने संविधान को भारत के लोकतंत्र की संजीवनी बताया और मनु स्मृति को खारिज करते हुए कहा कि “देश बाबा साहब के संविधान से ही चलेगा।”

हिटलर ने भी एक सेना बनाई थी…’
उन्होंने कहा कि हिटलर ने भी एक सेना बनाई थी, वो अपने समय पर एक फौज रखता था, हिटलर अपने कार्यकर्ताओं को पुलिस की वर्दी पहना देता था और फिर उनसे अपने विरोधी लोगों को पिटवाता था, लोग उसे सुपर स्टार फोर्स कहते थे।अखिलेश ने कहा कि ये जो सेना दिखाई दे रही है, वह बीजेपी वालों की सुपर फोर्स है। ये कोई सेना-वेना नहीं है यह सब बीजेपी के लोग है
किसानों, नौजवानों, और आम जनता की समस्याएं
भाजपा सरकार पर हमला करते हुए श्री यादव ने कहा कि किसानों की फसल नहीं खरीदी जा रही,युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही, नैनो यूरिया से किसानों को कोई फायदा नहीं हुआ,पुलिस का दुरुपयोग हो रहा है, अस्पतालों की हालत खराब है, और व्यापारी वर्ग का भी शोषण हो रहा है। अग्निवीर योजना को लेकर श्री यादव ने कहा कि “समाजवादी सरकार आने पर अग्निवीर योजना को खत्म करेंगे। यह सेना नहीं, भाजपा के ट्रूपर्स हैं। ये सेना नहीं, बीजेपी के लोग हैं।”

बाबा साहब के अनुयायियों से एकजुट होकर भाजपा को हटाने का आह्नान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार नहीं चल रही। उन्होंने अधिकारियों पर संविधान की अवहेलना का आरोप लगाया और बाबा साहब के अनुयायियों से एकजुट होकर भाजपा सरकार को हटाने का आह्वान किया। इटावा के सांसद जितेन्द्र दोहरे,सांसद देवेश शाक्य, आदित्य यादव, अंशुल यादव, विधायक प्रदीप यादव, रेखा वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, पूर्व मंत्री अशोक यादव, गोपाल यादव, कृष्ण यादव, बीरू भदौरिया, सर्वेश गौतम सहित बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता एवं आम जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन हामिद खां ने की।
