लखनऊ : यूपी में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। इस बार मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पोलिंग बूथ व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब हर 1200 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया जाएगा। जिससे मतदाता घंटों कतार में खड़े रहने की परेशानी से बच सकेंगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में 1500 मतदाताओं पर एक बूथ का प्रावधान था। जिससे कई जगहों पर बूथों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव आयोग ने इससे सबक लेते हुए नए मानक तय किए हैं।
यूपी में बढ़ेंगे 19,500 बूथ
यूपी में पिछले विधानसभा चुनाव में कुल 1,62,462 पोलिंग बूथ थे। नए बदलावों के तहत अब 1,81,962 से अधिक बूथ होने की संभावना है। यानी करीब 19,500 नए बूथ बनाए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने डीएम और एसडीएम समेत तमाम जिलों के अफसरों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, नए बूथ बनाने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
ज्यादा वोटर वाले पोलिंग स्टेशन पर बढ़ेंगे बूथ
1500 की बजाय अब 1200 मतदाताओं पर बनेगा एक बूथ बनाया जाएगा। इसके साथ ही ज्यादा मतदाता वाले पोलिंग स्टेशन पर बूथ बढ़ेंगे। लंबी कतारों से मिलेगी राहत।अधिक पारदर्शिता और कुशल मतदान की व्यवस्था होगी। एक पोलिंग स्टेशन पर आमतौर पर 2 से 4 तक बूथ हो सकते हैं। इसलिए कुल बूथों की संख्या बढ़ने का मतलब यह भी है कि अधिक पोलिंग स्टेशनों की जरूरत होगी या मौजूदा स्टेशनों को अपग्रेड किया जाएगा।
