पटना/लखनऊ : पटना एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 2482, जो दिल्ली से आ रही थी। लैंडिंग के दौरान रनवे ओवरशूट कर गई। विमान रनवे के निर्धारित टचडाउन जोन को पार कर चुका था। इसके बाद पायलट ने तत्काल निर्णय लेकर गो-अराउंड (Go-Around) प्रक्रिया अपनाई और विमान को सुरक्षित तरीके से दोबारा आसमान में उठा लिया। कुछ मिनट आसमान में चक्कर लगाने के बाद विमान ने सफलतापूर्वक दोबारा लैंडिंग की और सभी 170 से अधिक यात्री सुरक्षित रहे।
जानें क्या होता है रनवे ओवरशूट
विशेषज्ञों के अनुसार, रनवे ओवरशूट तब होता है जब विमान निर्धारित स्थान पर लैंड नहीं कर पाता और रनवे की लंबाई से आगे निकल जाता है। यह स्थिति बहुत खतरनाक हो सकती है, खासकर जब रनवे छोटा हो, जैसा कि पटना एयरपोर्ट में अक्सर सवालों के घेरे में रहा है।
पटना एयरपोर्ट पर एक सप्ताह में दूसरी बड़ी घटना
इससे ठीक 7 दिन पहले, पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद इंडिगो की ही एक फ्लाइट से चिड़िया टकरा गई थी। जिससे एक इंजन में वाइब्रेशन आ गया था, तब भी पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को इमरजेंसी लैंडिंग के जरिए सुरक्षित उतार लिया था।
फिर सवालों में पटना एयरपोर्ट की सुविधाएं
इन लगातार घटनाओं के बाद पटना एयरपोर्ट पर रनवे की लंबाई, तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यह एयरपोर्ट कई वर्षों से रनवे विस्तार की योजना में उलझा है और राज्य व केंद्र सरकार के बीच समन्वय की कमी बार-बार उजागर होती रही है।
पायलट की तारीफ़, कोई जनहानि नहीं
फ्लाइट के पायलट ने तत्काल निर्णय लेकर यात्रियों की जान बचाई। जिसकी सराहना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरलाइन दोनों ने की है। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की कोई चोट या नुकसान नहीं हुआ।
