बरेली : यूपी के बरेली शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर कॉलोनी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी का गला कटा शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतका की पहचान 35 वर्षीय दीपा के रूप में हुई है, जो नगर निगम में सफाईकर्मी के तौर पर कार्यरत थी। घटना के बाद से उसका पति राजीव लापता है, और पुलिस को शक है कि इसीने हत्या की है।
हत्या का शक, फरार पति पर सस्पेंस
11 जुलाई को ही दंपती ने किराये पर मकान लिया था। मकान मालिक ने बताया कि दोनों के बारे में अधिक जानकारी नहीं थी। फॉरेंसिक टीम को मौके से एक ब्लेड मिला, जिस पर खून के निशान थे। आशंका है कि इसी ब्लेड से महिला का गला करीब ढाई इंच तक काटा गया। पति राजीव मौके से गायब है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानें क्या बोले सीओ
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि “थाना इज्जतनगर क्षेत्रान्तर्गत सिद्धार्थनगर कॉलोनी में डायल-112 के माध्यम से एक महिला का शव उसके किराए के कमरे में मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच के बाद मृतका के पति के विरुद्ध प्राप्त तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
