बरेली : यूपी के बरेली में एक कलयुगी बेटे ने रिश्तों को कलंकित किया है। यहां एक बेटे ने पिता की हंसिया से गर्दन काटकर हत्या कर दी। इसके साथ ही मां को भी घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बरेली देहात की नवाबगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के इनयातपुर गांव में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। युवक ने हंसिया से वार किया था। जिससे उनकी गर्दन कट गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतक लालाराम (65 वर्ष) के मौसेरे भाई रविंद्र प्रकाश ने बताया कि लालाराम का बेटा छत्रपाल आए दिन शराब के नशे में अपनी पत्नी अनीता से मारपीट करता था। वह घटना वाले दिन भी नशे की हालत में पत्नी से झगड़ा कर रहा था।
बीच बचाव को आई मां पर हमला
आरोपी की मां रामदेई बीचबचाव करने आईं, तो उनके हाथ में हंसिया मारकर घायल कर दिया। घायल रामदेई को देख पिता लालाराम ने बीच-बचाव कर समझाने की कोशिश की, तो छत्रपाल आग बबूला हो गया। बताया जाता है कि बंटवारे को लेकर बहस करने लगा। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर हंसिया से पिता की गर्दन पर वार कर दिया। जिससे लालाराम लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों की मदद से लालाराम को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
जानें क्या बोलीं पुलिस
सीओ नवाबगंज हर्ष मोदी ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी छत्रपाल को हिरासत में ले लिया है। मृतक लालाराम की पत्नी रामदेई ने बताया कि उनके चार बेटे हैं। इसमें दो की शादी हो चुकी है और दो अविवाहित हैं।
