मेरठ/लखनऊ : यूपी सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री और हस्तिनापुर विधानसभा से विधायक दिनेश खटीक को अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। तत्काल उन्हें मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. ममतेश गुप्ता की टीम ने एंजियोग्राफी करके हृदय की नसों में ब्लॉकेज का पता लगाया और तुरंत स्टेंट डाला। ऑपरेशन सफल रहा और वर्तमान में मंत्री की हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। यहां विशेषज्ञों की निगरानी जारी है।
मंत्री की हालत में सुधार
अस्पताल प्रशासन ने जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा है कि स्थिति चिंताजनक नहीं है, लेकिन एहतियातन अगले कुछ दिनों तक डॉक्टरों की देखरेख में रखे जाएंगे। मंत्री खटीक के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए कई राजनीतिक एवं सामाजिक नेता, समर्थक और क्षेत्रवासी अस्पताल पहुंचे। सोशल मीडिया पर भी उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
वेस्ट यूपी की राजनीति में काफी सक्रिय
दिनेश खटीक पश्चिमी यूपी की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और जलशक्ति मंत्रालय में कई योजनाओं के संचालन में योगदान दे चुके हैं। उनके अस्वस्थ होने की खबर से समर्थकों में चिंता की लहर है, पर डॉक्टरों के अनुसार उनकी रिकवरी सकारात्मक है और जल्द छुट्टी मिलने की संभावना है।
