कन्नौज : देशभर में सोशल मीडिया रील्स की दीवानगी चरम पर है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के कन्नौज NH -34 हाइवे पर एक महिला द्वारा रायफल के साथ दबंग स्टाइल में रील बनाना अब पुलिस जांच का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में महिला हाईवे किनारे खड़ी होकर बुंदेलखंडी गीत पर हथियार के साथ पोज देती नजर आ रही है।
‘दबंग’ लुक में महिला, हाथ में रायफल
वायरल वीडियो में महिला ने खुलेआम हाइवे पर रायफल लेकर रील बनाई। बैकग्राउंड में बुंदेलखंडी गीत चल रहा है। महिला के हाथ में लाइसेंसी रायफल जैसी दिखने वाली बंदूक है और सड़क पर आम वाहन गुजरते दिख रहे हैं। वीडियो में महिला ने अपना नाम शालिनी पांडेय बताया है। वीडियो पर “यूपी-74, कन्नौज हाईवे, कानपुर-दिल्ली” लिखा गया है, जिससे इसकी लोकेशन की पुष्टि होती है।
पुलिस ने लिया संज्ञान, हथियार की जांच शुरू
कन्नौज पुलिस ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि रायफल महिला की खुद की है या किसी और की?। क्या यह हथियार लाइसेंसी है या अवैध?।अगर लाइसेंसी है, तो किसके नाम पर पंजीकृत है?। अगर, रायफल अवैध या सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए प्रयोग में लाई गई है, तो इसके तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम, 1959 (Arms Act) की धाराओं के अंतर्गत सख्त कानूनी कार्यवाही हो सकती है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
जहां कुछ यूजर्स ने इसे “महिला सशक्तिकरण का नया रूप” कहकर सराहा, वहीं कुछ ने इसे “लापरवाह और कानून विरोधी” करार दिया। एक यूजर ने लिखा “अब मनोवैज्ञानिक चिकित्सा की सबसे अधिक ज़रूरत इसी पीढ़ी को है जो हर चीज को रील में ढालकर वायरल करना चाहती है।”
जानें क्या कहता है कानून
भारतीय शस्त्र अधिनियम, 1959 के अनुसार लाइसेंसी हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन या सोशल मीडिया पर दिखावा करना अपराध की श्रेणी में आता है। यदि इस मामले में दोष सिद्ध होता है तो आरोपी को जुर्माना और जेल दोनों हो सकते हैं।
