पटना में राजनीति और अपराध के बीच दहशत का माहौल
दिल्ली/पटना/लखनऊ :राजधानी पटना में प्रख्यात व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के बाद बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने खेमका को गोली मार दी थी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत में उबाल ला दिया है।
राहुल गांधी का तीखा हमला, “बिहार अब क्राइम कैपिटल है”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर रविवार को नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि “आज बिहार लूट, गोली और हत्या के साए में जी रहा है। अपराध यहां नया नॉर्मल बन चुका है और सरकार पूरी तरह नाकाम। बिहार को क्राइम कैपिटल बना दिया गया है। अब वक्त है बदलाव का, जहां डर नहीं, तरक्की हो।”राहुल ने कहा कि “अब वोट केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बिहार को बचाने का है।”
तेजस्वी यादव बोले : ये जंगलराज नहीं तो क्या है?
राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “पटना में थाना से चंद कदम की दूरी पर एक बड़े व्यापारी की हत्या कर दी गई। हर महीने सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हो रही है। मगर, जंगलराज नहीं कह सकते? क्योंकि इसे मीडिया मैनेजमेंट और छवि प्रबंधन का शास्त्र कहते हैं।”
कानून व्यवस्था पर गहरा सवाल
गोपाल खेमका का व्यापारी वर्ग में बड़ा प्रभाव था। उनके बेटे गुंजन खेमका की हत्या भी 6 साल पहले वैशाली में की गई थी। अब खुद उनकी हत्या ने व्यवसायी वर्ग को सदमे में डाल दिया है। इस वारदात के बाद न केवल विपक्ष को बड़ा मुद्दा मिल गया है, बल्कि जनता के बीच डर और नाराज़गी का माहौल भी गहराया है।
