सीवान (बिहार)/लखनऊ: चुनाव ड्यूटी को लेकर बिहार के सीवान जिले में एक अभूतपूर्व घटनाक्रम सामने आया है। यहां एक शिक्षक ने “मैं केवल शिक्षक हूं, चुनाव से जुड़ा काम नहीं करूंगा” कहते हुए स्कूल की छत पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे दी। यह मामला तरवारा प्रखंड के काजी टोला स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय का है। बताया जाता है कि हारून रशीद, जो कि स्कूल में शिक्षक हैं। उनकी BLO (Booth Level Officer) के रूप में मतदान केंद्र संख्या 65 पर ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन जब उनसे BLO से जुड़ा गणना प्रपत्र नहीं लिया गया, तो पंचायत सचिव रत्नेश कुमार ने पूछताछ की। इस पर हारून रशीद ने स्पष्ट रूप से चुनाव कार्य करने से इनकार कर दिया और विरोधस्वरूप स्कूल की छत पर चढ़ गए। उन्होंने वहां आत्महत्या करने की धमकी दी। जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
वीडियो हुआ वायरल, बच्चों में डर का माहौल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कुछ बच्चों की घबराहट और चीख-पुकार कैमरे में कैद हुई। जिससे यह मामला और गंभीर हो गया। हालांकि, “The justice Hindi”वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को आदेश दिया गया है कि इस प्रकरण की 24 घंटे में जांच रिपोर्ट दी जाए। तब तक शिक्षक का वेतन रोकने का निर्देश भी दिया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी पर्यवेक्षक द्वारा लिखित शिकायत दी गई है।
चुनाव पुनर्निरीक्षण को लेकर विपक्ष का विरोध
गौरतलब है कि बिहार में मतदाता सूची के पुनर्निरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग के आदेश के खिलाफ विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं। 9 जुलाई को विपक्ष ने चक्का जाम का भी एलान किया है। ऐसे में BLO कार्य को लेकर सरकारी कर्मियों के भीतर भी असंतोष का माहौल देखा जा रहा है।
