एक करोड़ से अधिक के घोटाले की आशंका, रेलवे विभाग में मचा हड़कंप
चंदौसी/अमरोहा : उत्तर रेलवे (एनआर) के चंदौसी स्थित इंजीनियरिंग विभाग में भ्रष्टाचार की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। CBI (गाजियाबाद यूनिट) ने भुगतान के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर AEN (असिस्टेंट इंजीनियर) और IOW (इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स) के कार्यालय पर छापा मारा। घंटों पूछताछ के बाद सीबीआई टीम एईएन को अपने साथ ले गई। इसके बाद मुरादाबाद मंडल के इंजीनियरिंग महकमे में खलबली मच गई। आरोप है कि ट्रैक सुधार,मरम्मत और ठेके से जुड़े भुगतान में वित्तीय अनियमितताओं की जांच में कुछ चीजें सामने आई है।
ठेकेदार की शिकायत पर कार्रवाई ?
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत पर की गई है। ठेकेदार की शिकायत पर जांच शुरू की गई, प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि में कुछ दस्तावेज और फाइलें जब्त की गईं। चर्चा है कि एक करोड़ से अधिक का घोटाला सामने आ सकता है। हालांकि, अब तक कोई अधिकारी आधिकारिक बयान देने से बच रहा है।
रेलवे में हलचल: “CBI AEN को कहां ले गई?”
जैसे ही CBI टीम इंजीनियर को लेकर रवाना हुई। रेलवे विभाग के कर्मचारी रातभर यह पता लगाने में जुटे रहे कि अधिकारी को कहां ले जाया गया है। अब पूरे मंडल में यह छापेमारी चर्चा का विषय बन गई है।
