कासगंज/लखनऊ : यूपी के कासगंज जनपद से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9 बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और फिर बच्चों को अकेला छोड़कर फरार हो गई। यह सनसनीखेज मामला पटियाली थाना क्षेत्र के भरगेन गांव का है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच की। इसके बाद खुलासा हुआ है।
ईंट-भट्ठे से मिला मजदूर का शव
यह घटना 24 जून की है जब भरगेन गांव में एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रतिराम नट, निवासी कायमगंज (फर्रुखाबाद) के रूप में हुई। रतिराम मजदूरी करता था और कुछ समय से अपनी पत्नी रीना के साथ गांव में रह रहा था।
पत्नी के अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि रतिराम की पत्नी रीना के हनीफ नामक युवक से अवैध संबंध थे। दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क था और घरेलू कलह लगातार बढ़ रही थी। रीना और हनीफ ने मिलकर रतिराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अंततः उसे ईंट-भट्ठे पर निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद फरार, बच्चे बेसहारा
हत्या के बाद रीना अपने 9 मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी हनीफ के साथ फरार हो गई। इस अमानवीय कृत्य ने पूरे गांव को हैरान और स्तब्ध कर दिया है। बच्चों की देखभाल अब रिश्तेदारों और गांववालों द्वारा की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर रीना और हनीफ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस को शक है कि दोनों फर्रुखाबाद या बदायूं की ओर भागे हो सकते हैं। स्थानीय थानों को सतर्क कर दिया गया है।
