फिरोजाबाद/लखनऊ : यूपी के फिरोजाबाद में शनिवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से जालौन जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस ट्रक से जा टकराई। जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
जानें कैसे हुआ हादसा
घटना सुबह उस वक्त हुई जब ‘फौजी ट्रेवल्स’ की बस (नंबर BR28P -3597) करीब 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली से जालौन जा रही थी। जैसे ही बस एक्सप्रेसवे के किमी 68.300 पर पहुंची। वह सामने चल रहे टाइल्स लदे ट्रक से जबरदस्त टक्कर में भिड़ गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस की आगे की सीटों पर बैठे यात्री बस से उछलकर बाहर गिर पड़े। सामने का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
घटनास्थल पर मची अफरातफरी
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक तुरंत मदद के लिए दौड़े। कुछ यात्रियों को बस से बाहर निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। यूपीडा (UPEDA) और नगला खंगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को सैफई PGI भेजा गया।
अब तक मृत यात्रियों की पहचान
इस हादसे में बिजेंद्र उर्फ पप्पू (निवासी उरई, जालौन) के रूप में हुई है। मगर, अन्य मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है
घायल यात्रियों का शुरू किया इलाज
हादसे में अंशुल, पुत्र कृष्ण बिहारी, थाना कोच, जालौन, उमा देवी, पत्नी ब्रजेंद्र, पश्चिम विहार, दिल्ली, यशिका सिरोठिया, पुत्री चंद्रोदय सिरोठिया, स्टेशन रोड, तुलसी नगर, उरई, (यशिका का प्राथमिक इलाज मौके पर यूपीडा मेडिकल टीम ने किया)
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और अधिकारियों को इलाज में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं। सीएम कार्यालय की ओर से एक्स (Twitter) पर जारी पोस्ट में कहा गया कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। फिरोजाबाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। ट्रक ड्राइवर और अन्य संबंधितों की तलाश जारी है।
