गेम से इश्क़, इश्क़ से बवाल, और बवाल से पुलिस, ऑनलाइन गेम बना प्यार की वजह, फिर पारिवारिक तूफान
महोबा/लखनऊ : यूपी के महोबा जिले में ऑनलाइन गेम खेलते हुए शुरू हुआ प्रेम एक तूफानी रिश्ते में बदल गया। एक शादीशुदा महिला, जो एक बच्चे की मां भी है, एक साल पहले लुधियाना के युवक शिवम से ऑनलाइन गेम के जरिए जुड़ी। बातों -बातों में दोस्ती, फिर मोहब्बत और फिर इरादा जिंदगी साथ बिताने का हो गया। जिसके चलते शिवम ने 900 किमी की दूरी तय कर महोबा पहुंचकर प्रेमिका से मिलने का साहसिक फैसला लिया।
घर उजड़ने की नौबत: महिला पति को छोड़ने पर आमादा
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति मारपीट करता है। खाना नहीं देता, और ससुराल वाले चुप रहते हैं। उसने पुलिस के सामने कहा कि वह पति से तलाक लेकर शिवम के साथ रहना चाहती है। इतना ही नहीं, महिला ने अपने पति को धमकाते हुए कहा कि “मैं तुम्हें ड्रम में भर दूंगी, और 55 टुकड़ों में काट दूंगी।”
मोहल्ले में हंगामा, पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
महिला की धमकियों और लुधियाना से आए प्रेमी की मौजूदगी ने पूरे मोहल्ले में हड़कंप मचा दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि “युवक शिवम को शांतिभंग की कार्रवाई के तहत समझाकर वापस लुधियाना भेज दिया गया है। महिला फिलहाल महोबा में ही है और मामले की जांच चल रही है।”
