प्रयागराज/लखनऊ : यूपी के प्रयागराज से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं। जहां एक नवविवाहित युवक की सुहागरात ही उसकी दहशत की रात बन गई। पत्नी ने शादी की पहली ही रात पति को चाकू दिखाकर धमकाया। बोली, “अगर मुझे छुआ भी, तो 35 टुकड़ों में काट दूंगी!”इस धमकी के बाद से युवक मानसिक रूप से टूट गया और हनीमून तक पर नहीं गया। शादी को महज तीन दिन हुए थे, लेकिन इस बीच पति लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलता रहा।
शादी की रात से शुरू हुई ‘हॉरर स्टोरी’
घटना प्रयागराज के एक गांव की है। युवक कप्तान सिंह की शादी परिवार की मर्जी से सितारा नाम की लड़की से हुई थी। गाजे-बाजे के साथ बहू को घर लाने वाले परिवार को क्या पता था कि अगली ही रात उनकी जिंदगी में भूचाल आ जाएगा। शादी की पहली रात ही दुल्हन ने अपने असली रूप का खुलासा कर दिया। पति को चाकू दिखाकर धमकी दी और कहा “मैं किसी और की अमानत हूं, अगर छुआ तो जान से जाओगे!”
तीन दिन बाद प्रेमी संग फरार
जब कप्तान ने मां को पूरा घटनाक्रम बताया, तो घर में हड़कंप मच गया। मामले में पंचायत और थाने तक बात पहुंची, लेकिन दुल्हन ने साफ शब्दों में कहा कि वह अमन नाम के युवक से प्रेम करती है और उसी के पास जाना चाहती है। जब बात नहीं बनी तो आधी रात को दीवार कूदकर वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
अब पुलिस जांच में जुटी
मामला अब प्रयागराज पुलिस के पास है। युवक के परिवार की ओर से धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और विवाह का नाटक कर भागने का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि दुल्हन और अमन की तलाश की जा रही है।
