बरेली। शादी की 25वीं सालगिरह का जश्न मना रहे एक दंपति की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जब पति को डांस करते समय अचानक दिल का दौरा पड़ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शहर के फाहम लॉन होटल की है जहां परिजनों और दोस्तों के बीच खुशियों का माहौल अचानक शोक में बदल गया।
जानकारी के अनुसार व्यापारी वसीम और उनकी पत्नी फरहा अपनी शादी की 25वीं सालगिरह के जश्न में डीजे पर नाच रहे थे।
पार्टी में मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों बहुत उत्साहित थे और मंच पर फिल्मी गाने पर डांस कर रहे थे। अचानक वसीम असंतुलित होकर स्टेज पर गिर पड़े। यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मौजूद रिश्तेदारों और होटल स्टाफ ने तुरंत उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया। मगर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार वसीम की मौत हार्ट अटैक से हुई। उनकी अचानक मौत से परिवार और मेहमानों में शोक की लहर दौड़ गई।वसीम एक व्यापारी थे और पत्नी फरहा एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उन्होंने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह को खास बनाने के लिए बड़े पैमाने पर पार्टी आयोजित की थी। परिवार के सदस्यों के अनुसार वसीम और फरहा इस मौके को यादगार बनाना चाहते थे, लेकिन यह जश्न उनके जीवन का सबसे दुखद दिन बन गया।
घटना के बाद वसीम के परिवार में कोहराम मच गया है। पार्टी में शामिल सभी रिश्तेदार और दोस्त स्तब्ध हैं। जिस खुशी के माहौल में लोग झूम रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
