नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तीन बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नया हवाई अड्डा बनाने, निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना और डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। सरकार का मानना है कि इन फैसलों से हवाई संपर्क, औद्योगिक उत्पादन, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
सिलचर में 2,014 करोड़ से बनेगा नया एयरपोर्ट
पूर्वोत्तर भारत में हवाई संपर्क बेहतर बनाने के लिए असम के सिलचर स्थित डोलू में नया हवाई अड्डा बनाया जाएगा। मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने इस परियोजना के लिए 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, नए एयरपोर्ट की व्यस्त समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। परियोजना का पूरा खर्च भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगा।
एयरपोर्ट में होंगी आधुनिक सुविधाएं
-
12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में टर्मिनल भवन बनेगा।
-
2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार होगा।
-
रनवे पर ए-320 विमानों का संचालन हो सकेगा।
-
छह ए-320 विमानों को एक साथ खड़ा करने की सुविधा होगी।
-
यात्रियों की संख्या बढ़ने पर टर्मिनल का विस्तार किया जा सकेगा।
नया एयरपोर्ट बनने से बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे चाय उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
निर्माण उपकरण उद्योग के लिए 11 हजार करोड़ की योजना
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य भारत को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और वैश्विक बाजार में भारतीय कंपनियों की हिस्सेदारी बढ़ाना है। योजना के तहत माल चढ़ाने-उतारने वाली क्रेन, सुरंग खोदने वाली मशीनें, हाइड्रोलिक उत्खनन मशीनें और सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले भारी उपकरणों के उत्पादन को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसे भारी उद्योग मंत्रालय लागू करेगा।
वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक लागू होगी योजना
इस योजना के दो प्रमुख घटक होंगे। पहले घटक के तहत पात्र कंपनियों को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर पांच साल तक 13 से 8 प्रतिशत तक प्रोत्साहन दिया जाएगा। दूसरे घटक में विशेष परीक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत के निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग का बाजार करीब 97,500 करोड़ रुपये था। अनुमान है कि 2029-30 तक इसका आकार बढ़कर लगभग 2,28,100 करोड़ रुपये हो जाएगा। योजना से घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ने, रोजगार के अवसर पैदा होने और आयात पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 1,141 करोड़
आम नागरिकों और खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार ने डाक परिचालन योजना को भी मंजूरी दी है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रहेगी। इस पर 1,141 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। देश में करीब 1.65 लाख डाकघरों का नेटवर्क है, जिनमें 1,49,655 डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। डाक विभाग अब चिट्ठियों और पार्सल के अलावा बैंकिंग, बीमा, आधार अपडेट और पासपोर्ट जैसी नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।
छह उप-योजनाओं के जरिए होगा आधुनिकीकरण
डाक परिचालन योजना के तहत पार्सल हब और पैकेजिंग इकाइयों का विस्तार किया जाएगा। ई-कॉमर्स से बढ़ती पार्सल मांग को देखते हुए लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके साथ ही डिजिटल तकनीक, अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं और ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार पर भी ध्यान दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल के इन तीन फैसलों से परिवहन, विनिर्माण और डाक सेवाओं के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है। सिलचर में नया एयरपोर्ट पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, 11 हजार करोड़ की योजना घरेलू उद्योग को मजबूती देगी और डाक सेवाओं का आधुनिकीकरण ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाओं की पहुंच बढ़ाएगा।
