बरेली : पीलीभीत बाइपास गोलीकांड के आरोपी आदित्य उपाध्याय उर्फ चुन्नू पंडित एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख हस्तियों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में उनके खिलाफ इज्जतनगर थाने में एक और एफआईआर दर्ज की गई है। वायरल वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री से लेकर राजा भैया तक पर टिप्पणी का आरोप
इज्जतनगर थाने में राजेश प्रताप की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि डोहरा रोड निवासी आदित्य उपाध्याय उर्फ चुन्नू पंडित सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका है।
विरोध करने वालों को धमकाने का भी आरोप
शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने जब चुन्नू पंडित को ऐसी टिप्पणियां करने से रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से वायरल वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराने की मांग की है। चुन्नू पंडित का नाम पहले भी विवादों में रहा है। वह बरेली के चर्चित पीलीभीत बाइपास गोलीकांड के मामले में जेल जा चुका है। शिकायत में उसके पुराने आपराधिक मामलों का सत्यापन कराने और संभावित विवाद रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का भी अनुरोध किया गया है।
चुन्नू पंडित ने पोस्ट कर रखा अपना पक्ष
विवाद के बीच चुन्नू पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुद को पीड़ित बताया है। उसने ब्राह्मण समाज का प्रदेश में कोई बड़ा नेता नहीं होने की बात कही है। उसका दावा है कि उसने किसी नेता या उनकी मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। उसने आरोप लगाया कि खुद को क्षत्रिय नेता बताने वाले कुछ लोग उसे सिर कलम करने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही अपनी संपत्ति पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार उसे पहले ही बर्बाद कर चुकी है।
वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक विकास यादव को सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
