बरेली : सर्दी बढ़ने के साथ ही घने कोहरे का असर रेल यातायात पर दिखाई देने लगा है। बरेली जंक्शन पर कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंच रही हैं। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने सभी जोन और मंडलों में 33,624 फॉग डिवाइस उपलब्ध कराई हैं और इन्हें अपग्रेड भी किया गया है। इसके बावजूद दिसंबर से फरवरी तक कई ट्रेनों को निरस्त करने और कुछ के फेरों में कटौती करने का फैसला लिया गया है।
उत्तर रेलवे की 30 ट्रेनें होंगी प्रभावित
उत्तर रेलवे की ओर से अब तक कोहरे के कारण 30 ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने की सूचना दी गई है। इनमें पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनें भी शामिल हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 161 इलेक्ट्रिक इंजन हैं, जिनके लिए 260 फॉग डिवाइस उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे ने करीब एक महीने पहले 26 ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की सूचना जारी की थी। इनमें 10 ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि 16 ट्रेनों के फेरों में कटौती की जाएगी। इनका संचालन दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक प्रभावित रहेगा।
कई प्रमुख ट्रेनें दिसंबर से फरवरी तक रहेंगी निरस्त
कोहरे के चलते डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को भी निरस्त किया गया है। इनके अलावा कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल और आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या एक्सप्रेस का संचालन भी निर्धारित अवधि में बंद रहेगा। लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल, आनंद विहार टर्मिनल-लखनऊ, गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल और आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेंगी। लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल और वापसी की ट्रेन को भी निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार, अवध-असम एक्सप्रेस, दिल्ली-काठगोदाम, बनारस-देहरादून, बनारस-नई दिल्ली, मुरादाबाद-रामनगर और टनकपुर से सिंगरौली व शक्तिनगर के बीच चलने वाली ट्रेनों के फेरों में भी दिसंबर से फरवरी तक कटौती की गई है।
जनवरी और फरवरी में साप्ताहिक ट्रेनें भी रहेंगी निरस्त
रेलवे के अनुसार, काठगोदाम-जम्मूतवी साप्ताहिक एक्सप्रेस 12 जनवरी से 2 मार्च 2027 तक और जम्मूतवी-काठगोदाम एक्सप्रेस 10 जनवरी से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी। इसी तरह कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस 12 जनवरी से 2 मार्च तक और काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस 11 जनवरी से 1 मार्च 2027 तक प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिन पर नहीं चलेगी।
बरेली जंक्शन पर 11 घंटे तक लेट पहुंचीं ट्रेनें
सोमवार को बरेली जंक्शन पर कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। 54075 दिल्ली-चंदौसी पैसेंजर दो घंटे, 22423 जनसाधारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस नौ घंटे और 04671 अमृतसर स्पेशल 11 घंटे देरी से आई। इसके अलावा 04013 आनंद विहार स्पेशल, 04311 योगनगरी स्पेशल, 05579 आनंद विहार स्पेशल और 15211 जननायक एक्सप्रेस भी करीब 11 घंटे की देरी से पहुंचीं। 03438 मालदा टाउन एक्सप्रेस तीन घंटे, 04241 अयोध्या कैंट स्पेशल पांच घंटे तथा 05102 गोरखपुर स्पेशल और 04640 मुजफ्फरपुर स्पेशल दो-दो घंटे देरी से आईं। कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी और निरस्तीकरण से यात्रियों को आने वाले दिनों में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का संचालन और समय-सारिणी जांचने की सलाह दी जाती है।
