बरेली : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रामगंगा नदी के तट पर लगे ऐतिहासिक चौबारी मेले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में स्नान करने पहुंचे तीन बच्चे नहाते समय रामगंगा नदी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीसरे 12 वर्षीय बच्चे मानव का देर तक कोई सुराग नहीं लग सका। बेटे को डूबता देख उसे बचाने नदी में उतरे पिता भी गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे, जिन्हें गोताखोरों ने सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में चीख-पुकार शुरू हो गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता बच्चे की तलाश में जुटी रही। जानकारी के मुताबिक, आंवला क्षेत्र के गांव कमठेना निवासी चंद्र प्रकाश मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अपने परिवार के साथ चौबारी मेले में रामगंगा नदी में स्नान करने पहुंचे थे। दोपहर करीब एक बजे वह अपने 12 वर्षीय बेटे मानव के साथ नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान मानव अन्य बच्चों के साथ पानी में खेलते हुए गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। उसके साथ दो अन्य बच्चे भी नदी में डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गोताखोरों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मानव का पता नहीं चल सका।
बेटे को बचाने नदी में कूदे पिता, खुद भी डूबने लगे
अपने बेटे मानव को पानी में डूबता देखकर पिता चंद्र प्रकाश ने उसे बचाने के लिए नदी में उतरकर प्रयास किया। हालांकि, गहरे पानी में पहुंचने के कारण वह खुद भी डूबने लगे। मौके पर तैनात गोताखोरों ने तत्काल उन्हें बचाया और सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद लापता मानव की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन के मुताबिक,गोताखोरों की टीम लगातार बच्चे की तलाश कर रही है। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन मानव के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती, फिर भी हुआ हादसा
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान को देखते हुए चौबारी मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा निगरानी के लिए नौ वॉच टावर, 18 मोबाइल पुलिस टीमें और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। रामगंगा घाट पर पीएसी, एसडीआरएफ, मोटरबोट और गोताखोरों की तैनाती भी की गई थी।
डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का था अनुमान
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर चौबारी मेले में करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नदी में स्नान करने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की थी। इसके बावजूद तीन बच्चों के डूबने की घटना सामने आने से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और गहरे पानी में जाने से रोकने के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल 12 वर्षीय मानव की तलाश जारी है। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। परिवार की निगाहें नदी में चल रहे बचाव अभियान पर टिकी हैं।
