बरेली : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बरेली जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव के दौरान मतदाताओं को नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री के जरिए प्रभावित करने की कोशिशों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। पिछले चुनावों के अनुभव के आधार पर संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर वहां निगरानी बढ़ाई जाएगी।
जिला इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक में बनी रणनीति
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जिला इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक हुई। इसमें पुलिस सहित विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों को चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि पिछले चुनावों के दौरान सामने आई गतिविधियों के आधार पर ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री पहुंचाए जाने की आशंका रहती है।
पुलिस और आबकारी विभाग को निगरानी बढ़ाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों से सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही आबकारी विभाग के साथ समन्वय बनाकर शराब की अवैध आवाजाही और वितरण पर नजर रखने को कहा। आयकर और जीएसटी विभाग को संदिग्ध नकदी और व्यापारिक गतिविधियों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह से मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके।
बैंकों के संदिग्ध लेनदेन की भी होगी जांच
बैठक में लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) को बैंकों में असामान्य नकदी जमा और निकासी के साथ संदिग्ध खातों के लेनदेन की जांच कराने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव से पहले ही ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना है, जो निष्पक्ष मतदान को प्रभावित कर सकती हैं। बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह, एसपी सिटी चिराग जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
